राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। विपक्षी नेता और सांसद मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च शुरू किया। प्रस्तावित मार्च को देखते हुए विजय चौक और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है।राहुल और प्रियंका गांधी 5 घंटे से ज्यादा समय से दिल्ली के आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे हैं। आकाशवाणी से चुनाव आयोग का ऑफिस 270 मीटर दूर है।

हमारे साथ 300 सांसद हैं
राहुल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 19 विपक्षी पार्टियों के सेव डेमोक्रेसी मार्च में शामिल थे।संसद से चुनाव आयोग के ऑफिस जा रहे मार्च को पुलिस ने रोका, राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेकर बस में बैठाया, तो वे उतरकर आकाशवाणी परिसर में पेड़ के नीचे बैठ गए।राहुल ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी में भाजपा की मदद की है, उनसे मिलकर ही जाऊंगा। हमारे साथ 300 सांसद हैं, हमारी बात न सुनना देश का अपमान है।

राहुल गांधी बोले- विरोध जारी रहेगा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आकाशवाणी भवन परिसर में चल रहे अपने विरोध प्रदर्शन को जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां प्रदर्शन करने में कोई परेशानी नहीं है और वे अपना विरोध जारी रखेंगे।राहुल गांधी ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस को परिसर में उनके प्रदर्शन से असुविधा है तो पुलिस उन्हें प्रदर्शन के लिए कोई दूसरी जगह उपलब्ध करा सकती है।उन्होंने कहा कि संविधान हमें विरोध दर्ज कराने की अनुमति देता है।

फोर्स की तैनाती शुरू
दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के बाहर बड़ी तादाद में फोर्स की तैनाती शुरू कर दी है। सीआरपीएफ, महिला पुलिस समेत प्राइवेट बसों को भी रखा गया है।न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, चुनाव आयोग तक INDIA ब्लॉक के सांसदों के विरोध मार्च के दौरान आकाशवाणी गेट पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है।विरोध प्रदर्शन के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, “दिल्ली पुलिस लोकतंत्र के हत्यारों को बचाने की कोशिश कर रही है। हालात ऐसे हैं। जो लोग शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं, उन्हें उठाकर ले जाया जा रहा है।

लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है
आकाशवाणी भवन परिसर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों को सांसदों से मिलना ही होगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव में वोट चोरी हुई है और विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलकर इस पर सवाल पूछना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सांसदों की आवाज का सम्मान नहीं किया गया। राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्ष सिर्फ चुनाव आयुक्तों से मिलकर अपने सवालों के जवाब चाहता है।