राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली/ ग्रेटर नोएडा(ब्यूरो)। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-148 के समीप चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ, जिससे एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बस में हुआ तेज धमाका
यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है। वीडियो में बस से निकलती तेज लपटों और धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा है। इसी दौरान बस में तेज धमाका होता दिखाई देता है।