राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के रीवा में कुछ भी आल इज वेल नहीं है।कंक्रीट की सड़क में डामर लगाकर भ्रष्टाचार करने के खेल से लेकर कथित निर्माण के नाम पर भ्रष्टाचार भोपाल तक चर्चा में है। संजय गांधी अस्पताल इलाज घर के बजाए मौत का घर बन गया है। मारीजों के साथ डाॅक्टरो की गुंडई का अड्डा बन गया है। आज फिर एक घायल मरीज के साथ मारपीट संजय गांधी अस्पताल में किया गया।डिप्टी सीएम से स्वास्थ्य विभाग नहीं संभल रहा है। पूरा प्रदेश क्या रीवा नहीं सभंल रहा है।

घायल युवक को डाॅक्टरों ने पीटा
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे घायल शयन द्विवेदी निवासी ग्राम आलमगंज मनगवां को परिजन इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। युवक ने डाॅक्टरों और सुरक्षा गार्डों पर मारपीट और बाल खींचने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जमीन विवाद में शयन घायल हुआ
मनगवां थाना क्षेत्र के आलमगंज में पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें घायल शयन द्विवेदी निवासी ग्राम आलमगंज मनगवां को परिजन इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। युवक का आरोप है कि इलाज के दौरान डाॅक्टरों ने उससे पूछा कहां कहां चोट लगी है। वह चोटों के बारे में बता रहा था तभी डॉक्टरों ने उस पर नाटक करने का आरोप लगाया। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ।

डाॅक्टर और गार्डों पर मारने का आरोप
वीडियो में दिख रहा है किस तरह युवक को मारा जा रहा है। पीड़ित के मुताबिक विवाद के बाद डाॅक्टरों और सुरक्षा गार्डों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की। उसने बाल खींचने का भी आरोप लगाया है। इस दौरान वहां मौजूद एक युवक गार्ड और डाॅक्टरो का घायल युवक के साथ मारपीट करने का वीडियो बना रहा था। उसके साथ भी मारपीट करने का आरोप है।

मामले की जांच पुलिस कर रही
घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में मरीजों के साथ व्यवहार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल युवक के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन और पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।