महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का प्लेन क्रैश होने से निधन - rashtrmat.com

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का प्लेन क्रैश होने से निधन

राष्ट्रमत न्यूज,मुंबई(ब्यूरो)। महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई।अजित पवार के निधन से एनसीपी के कार्यकर्ताओं को भी गहरा झटका लगा है। हजारों की तदाद में उनके समर्थक बारामती अस्पताल के बाहर जुट गए हैं। सभी अजित पवार की आखिरी झलक पाने के लिए घंटो से इंतजार कर रहे हैं।

प्लेन को दोबारा ऊंचाई पर ले गया

पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे। केंद्रीय एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने बताया कि पायलट ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह प्लेन को दोबारा ऊंचाई पर ले गया।पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से पहले ही गिर गया और उसमें आग लग गई। इस दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था।

पवार का अंतिम संस्कार बारामती में

महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस बारामती पहुंच गए हैं। उन्होंने आज स्कूलों की छुट्‌टी और 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पवार का अंतिम संस्कार बारामती में गुरुवार सुबह 11 बजे किया जाएगा। अजित के चाचा शरद पवार, पत्नी सुनेत्रा, दोनों बेटे और बहन सुप्रिया सुले भी बारामती पहुंच गईं हैं। इधर, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो, यानी AAIB ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की एक टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स के ऑफिस पहुंची है। दूसरी टीम बारामती रवाना हो गई है।

कोई तकनीकी खामी नहीं थी

इस बीच VSR वेंचर्स ने कहा है कि पायलट को 16 हजार घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। विमान की को-पायलट के पास 1500 घंटे का एक्सपीरियंस था। कंपनी ने दावा किया कि एयरक्राफ्ट में कोई तकनीकी खामी नहीं थी।अजित पवार की पार्टी NCP भाजपा-शिवसेना महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शामिल है। उन्हें मिलाकर पार्टी के कुल 41 विधायक थे। वे खुद उपमुख्यमंत्री थे। उनके अलावा 7 कैबिनेट और 1 राज्य मंत्री हैं।

 अपने दोस्त को हमेशा के लिए खो दिया 

अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी भावुक हो उठे हैं। सोशल मीडिया पर अजित पवार की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “दादा अब हमारे बीच में नहीं रहे। मेरे दोस्त, कलीग और लोगों से बेहद जल्दी जुड़ने वाले महान नेता रहे उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है।”

हम जांच की मांग करेंगे: खरगे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हम इस दुर्घटना की जांच की मांग करेंगे। यह बहुत दुखद घटना है। अजीत पवार की असमय मौत हो गई। उनके ऐसे चले जाने से हम सब सदमे में हैं।”

AAIB करेगी प्लेन क्रैश की जांच

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने बताया कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) क्रैश लैंडिंग की जांच करेगी। छानबीन शुरू करने के लिए AAIB की टीम दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो गई है।

महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक

डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस राजकीय शोक का एलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *