राष्ट्रमत न्यूज,सागर(ब्यूरो)। सागर में खुरई की युवती की प्रयागराज के अंशुमान प्रसाद सिंह से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हो गई। बातचीत प्रेम में बदल गयी।दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध था। अंशुमान मुलाकात करने प्रयागराज से खुरई जा पहुंचा। उसके लौटते ही युवती के परिजन ने पुलिस में रिपोर्ट लिखा दी कि अंशुमान बेटी को बहला.फुसलाकर 35 तोला सोने के जेवर और नकदी हथिया ले गया। पुलिस जांच करने पहुंची उसके दूसरे दिन अंशुमान ने फांसी लगा ली।

दो साल से प्रेम संबंध था
शिकायत पर खुरई पुलिस प्रयागराज पहुंची। अंशुमान घर पर नहीं मिला तो उसके परिजन को सारी बात बताई। फोन नंबर देते हुए कहा कि बेटे को पुलिस से संपर्क करने के लिए कहें। इसके बाद पुलिस खुरई लौट आई।बेटे के घर आते ही परिजन ने पुलिस के बारे में बताया। इसके दूसरे दिन अंशुमान ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध था।

पिता करते हैं ठेकेदारी
युवती खुरई देहात थाना इलाके की है जबकि 19 वर्षीय अंशुमान प्रयागराज के कोरांव गाढ़ा गांव का रहने वाला था। अंशुमान के पिता राजेश्वरी सिंह ठेकेदारी करते है। वे नैनी के खरकौनी में परिवार के साथ रहते हैं।उनका बड़ा बेटा अविनाश सिंह डॉक्टरी पढ़ रहा है जबकि अंशुमान इंटर पास कर चुका था।
कार्रवाई के डर से फांसी लगा ली
खुरई देहात थाने से एक हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल, युवती के जीजा के साथ 3 जुलाई को प्रयागराज स्थित युवक के घर पहुंचे थे। देर रात घर पहुंचे अंशुमान को परिजन ने मामले की जानकारी दी।कार्रवाई के डर से अंशुमान ने 4 जुलाई को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रयागराज की नैनी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।