राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। वन परिक्षेत्र कटंगी और अरी रेंज के जंगलों के बीच बसे ग्राम पंचायत टेकाड़ी के नहर टोला में तेंदुए ने घर के भीतर बने बाड़े में घुसकर पालतू बकरी को अपना शिकार बना लिया। शिकार के बाद ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बकरी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
बकरी को दबाए तेंदुआ निकला
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ पिछले कई महीनों से गांव के आसपास चहलकदमी कर रहा है। लगातार पालतू मवेशियों को निशाना बना रहा है। बीते 04 जून की रात भी इसी तरह एक पालतू श्वान पर तेंदुए ने जानलेवा हमला किया था। इसी बीच पुनः नहरटोला निवासी बसंत परते के घर में प्रवेश कर बकरी पर हमला कर उसका शिकार कर लिया। बकरी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली और घर के लोग टॉर्च.लाठी लेकर बाहर निकले तो तेंदुआ बकरी को मुंह में दबाए बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों के शोर मचाने से तेंदुआ घबराकर बकरी को वहीं छोड़कर अंधेरे में जंगल की ओर भाग निकला। फिलहाल वन विभाग को सूचना दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम से ग्रामीणो मे दहशत बढ़ गई है।