वन विभाग की मिली भगत से PMGSY सड़क के लिए उजड़ रहे जंगल - rashtrmat.com

वन विभाग की मिली भगत से PMGSY सड़क के लिए उजड़ रहे जंगल

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क अब जंगलों के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर रही है। L091-L040 रोड से पिटे तुंगाली तक लगभग 13 किलोमीटर लंबी सड़क एवं LO4O-भैरमगढ़ बीजापुर रोड किलोमीटर 22 से बड़े तुंगाली तक 08 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार की भारी-भरकम मशीनें कथित तौर पर जंगल को उजाड़ने में लगी हुई हैं। आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर ठेकेदार द्वारा सड़क के दोनों ओर हजारों पेड़ों को मशीनों से गिरा दिया गया है। इतना ही नहीं, नारंगी क्षेत्र से कथित तौर पर अवैध तरीके से मुरुम का उत्खनन भी धड़ल्ले से किया जा रहा है।
विभाग को इसकी भनक तक नहीं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस जंगल और वन संपदा की सुरक्षा की जिम्मेदारी वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर है,उसी जंगल में इतनी बड़ी मशीनें चलती रहीं और विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी? स्थानीय स्तर पर बिट गार्ड एवं डिप्टी रेंजर की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जिम्मेदारी से बचने की कोशिश–
मामले में दिलचस्प घटनाक्रम तब सामने आया, जब बीते दिन वन विभाग के बिट गार्ड ने कथित अवैध उत्खनन में लगी चैन माउंटेन मशीन की चाबी अपने कब्जे में ले ली और बिना किसी लिखित जब्ती पंचनामा अथवा स्पष्ट दस्तावेजी कार्रवाई के वहां से चले गए।आज जब इस कार्रवाई के संबंध में बिट गार्ड से जानकारी मांगी गई तो उनका कहना था कि ठेकेदार ने रात में बिना बताए मशीन को लेकर चला गया।
ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं
अब सवाल यह उठता है कि यदि ठेकेदार ने रात के अंधेरे में मशीन लेकर चला गया  तो क्या वन विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह नाकाम है? यदि अवैध उत्खनन पकड़ा गया था तो नियमानुसार विधिवत जब्ती,पंचनामा और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
जंगल उजड़ता रहा, जिम्मेदार अधिकारी कहां थे-
हजारों पेड़ों को गिराए जाने और नारंगी क्षेत्र में मुरुम उत्खनन के आरोपों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या सड़क निर्माण की आड़ में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की खुली छूट दे दी गई है? क्या ठेकेदार के पास पेड़ों की कटाई और मुरुम उत्खनन की वैध अनुमति है? यदि अनुमति है तो उसकी सीमा और शर्तें क्या हैं?मामले में वन विभाग के बिट गार्ड से लेकर डिप्टी रेंजर और उच्च अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
अब  देखना होगा कि वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं।क्या जंगल को नुकसान पहुंचाने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई होगी? क्या अवैध मुरुम उत्खनन की जांच कराई जाएगी? और क्या जिम्मेदार वन कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होगी?
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए
सरकारी सड़क निर्माण के नाम पर यदि जंगल और प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, तो यह केवल विभागीय लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के दावों पर भी बड़ा सवाल है। जरूरत है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *