राष्ट्रमत न्यूज,मुंबई(ब्यूरो)। मुंबई में फायरिंग की घटना के बाद एक्टर टाइगर श्रॉफ की तस्वीरें सामने आई हैं। उनकी बांह और सीने पर पट्टियां बंधी दिख रही हैं। 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। टाइगर की कार पर जुहू इलाके में 5 राउंड फायरिंग करने वाले आरोपियों की भी तस्वीर सामने आ गई है।

बाइक छोड़कर भाग गए
इसमें दो युवक सफेद शर्ट पहने दिख रहे हैं। एक ने काली कैप पहन रखी है। हालांकि, यह तस्वीर कहां और कब की है, ये अभी स्पष्ट नहीं है। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी मिल गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फायरिंग के बाद अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर भाग गए।
कांच के टुकड़ों से चोट आई
लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। एक्टर के ड्राइवर फिरदौस को गोली लगी है। उमेश चव्हाण नाम का एक शख्स भी घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। देर रात टाइगर से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम शिंदे ने बताया कि एक्टर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।

टाइगर कार चलाकर अस्पताल गए
फायरिंग के दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद वह गाड़ी से बाहर निकल आया। ड्राइवर के घायल होने के बाद गाड़ी चलाने की जिम्मेदारी टाइगर ने खुद संभाली।एक्टर घायल ड्राइवर को भी कार में लेकर खुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने ड्राइवर को भर्ती कराया और अपने हाथ की ड्रेसिंग भी करवाई।

टाइगर पर हमला करने वाले संदिग्ध – फोटो : सोशल मीडिया
बाइक के मालिकों से पूछताछ
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक पुलिस ने अंधेरी रेलवे स्टेशन से बरामद कर ली है। इसी बाइक पर सवार होकर हमलावर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। अब पुलिस बाइक के मालिकों से पूछताछ कर रही है।
- जानकारी के मुताबिक, इस बाइक को अब तक तीन बार बेचा जा चुका है।
- पुलिस ने सबसे पहले जोगेश्वरी इलाके में रहने वाले बाइक के पूर्व मालिक से पूछताछ की।
- उसने बताया कि उसने बाइक किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी।
- इसके बाद पुलिस ने दूसरे मालिक से पूछताछ की, तो उसने भी बाइक किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की बात कही।
- वहीं, तीसरे मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने यह बाइक शूटरों को बेची थी, लेकिन बाइक के कागजात पर नाम ट्रांसफर नहीं हुआ था।
- इसी वजह से अब शूटरों के बारे में जानकारी जुटाने में पुलिस को परेशानी हो रही है। जांच के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर कहा, “इस घटना से जुड़ी हर पहलू की जांच और विश्लेषण किया जाएगा। जो भी जरूरी होगा, वह कदम उठाए जाएंगे। मेरा मानना है कि मुंबई पुलिस को एक बेहद पेशेवर पुलिस बल के रूप में जाना जाता है। ऐसी घटना के बाद वे सभी जरूरी कदम उठाएंगे।”