चिकित्सकीय लापरवाही से मरीज युवक कोमा में,डॉक्टर गिरफ्तार - rashtrmat.com

चिकित्सकीय लापरवाही से मरीज युवक कोमा में,डॉक्टर गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के गायखुरी स्थित सरदार पटेल मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान युवक विवेक त्रिरपुड़े की हालत बिगड़ने के मामले में करीब आठ महीने बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने 19 अक्टूबर 2026 को संबंधित डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अब सरदार पटेल अस्पताल में उपचार के दौरान हुई घटना का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
एनेस्थीसिया का दोहरा डोज दिया
 प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को 36 वर्षीय विवेक त्रिरपुड़े के हाथ में फ्रैक्चर के उपचार के लिए सरदार पटेल मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ मरीज युवक का ऑपरेशन किया गया था। परन्तु ऑपरेशन के पूर्व उसे एनेस्थीसिया का दोहरा डोज दिया गया।  अस्पताल मे उपचार दौरान उसकी हालत गंभीर हो गई और वह कोमा में चला गया। इसके बाद से परिवार उसकी देखभाल और उपचार के लिए संघर्ष कर रहा है। विवेक ग्लोबल हाइपोक्सिक इंजरी से जूझ रहा है।
प्रभावी ‘कोड ब्लू’ व्यवस्था नहीं
  मामले की जांच के दौरान बालाघाट के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की 21 अप्रैल 2026 की रिपोर्ट में अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में योग्य गहन चिकित्सा विशेषज्ञ की अनुपलब्धता और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी ‘कोड ब्लू’ व्यवस्था नहीं होने जैसी कमियां दर्ज की गई थीं। हालांकि, इन कमियों का विवेक की हालत बिगड़ने से सीधा संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच से होना बाकी है।
पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी
  इस मामले में 29 अप्रैल 2026 को बालाघाट कोतवाली में अपराध क्रमांक 0260/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब मामले मे 08 माह बाद 19 अक्टूबर को डॉक्टर हितेश कावड़े की गिरफ्तारी हुई है, जिसके बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है। वही महिला डॉ. सृष्टि जैन अभी गिरफ्तारी से दूर है। लेकिन विवेक की गंभीर हालत ने परिवार को लंबे समय से मानसिक और आर्थिक संकट में डाल रखा है। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पर नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *