राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। शारदीय नवरात्रि पर्व के समापन अवसर पर 19 अक्टूबर को बालाघाट में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ जवारा विसर्जन किया गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना में लीन रहे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां जगदंबा को विदाई दी। इस दौरान नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

भजन-कीर्तन के साथ ज्वारा कलश यात्राएं
शहर और ग्रामीण इलाकों में लोगों ने ज्वारा कलश विसर्जन यात्राएं निकालीं। परिवार और रिश्तेदारों के साथ लोग घरों में रखे ज्वारा कलश लेकर निकले।भक्तिगीतों के बीच मां के जयकारे लगाते हुए लोग पास के जल क्षेत्रों तक पहुंचे और ज्वारों का विसर्जन किया। ढोल-नगाड़ों और भजन व भक्ति गीतों के बीच निकली विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विजयादशमी से शहर में 80 से ज्यादा स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। यह सिलसिला तीन दिनों तक चलेगा।

मंगलकामनाओं की प्रार्थना
नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिरों और दुर्गा पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां जगदंबा को विदाई देते मंगलकामनाओं की प्रार्थना की। इसी सच्चे भाव के साथ श्रद्धालुओं ने जवारा विसर्जन कर नवरात्रि पर्व का समापन किया। पूरे आयोजन में आस्था, परंपरा और धार्मिक एकता की झलक देखने को मिली। 20 अक्टूबर क़ो विजयादशमी का पर्व मनाया जायेगा।