किसानों को उपज का वाजिब मूल्य मिले, बिचौलियों को रोका जाए-शीलेंद्र - rashtrmat.com

किसानों को उपज का वाजिब मूल्य मिले, बिचौलियों को रोका जाए-शीलेंद्र

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। सभी किसान बिना परेशानी एवं कठिनाई के अपनी उपज बेच सकें। उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। सभी किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिले। किसानों के बीच सक्रिय बिचौलियों को प्रतिबंधित करें। छोटे व्यापारियों को भी प्राथमिकता से लाइसेंस प्रदान करें। उक्त निर्देश रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने बुधवार को कृषि उपज मंडी तथा कृषि विपणन बोर्ड के कार्यों की समीक्षा बैठक में सभी मंडी सचिवों को दिए।

तो किसान समृद्ध होंगे

कमिश्नर ने कहा कि यदि किसानों को मंडी में उपज बेचने के लिए सभी सुविधाएं मिलेगी तो किसान समृद्ध होंगे। किसानों की स्थिति में सुधार होगा और कृषि उपज मंडी एवं उप मंडी को टैक्स की प्राप्ति होगी। इससे मंडियो की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

 मंडी में हर प्रकार की सुविधा दें

कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर ने मंडी सचिवों से कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किसानों को मंडी में हर प्रकार की सुविधा दें। जब किसान अपनी उपज लेकर मंडी में आए तो उसके प्रवेशकरने,उपज तौलने एवं ट्रांजैक्शन के टाइम में अनावश्यक समय न लगे। ट्रांजैक्शन टाइम कम रहे।

ट्रांजैक्शन टाइम में सुधार करें

वर्तमान में किसानों को मंडी में 10 से 12 घंटे अपनी उपज बेचने में लग जाते हैं। इस स्थिति पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने सभी मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि ट्रांजैक्शन टाइम में व्यापक स्तर पर सुधार करें। किसानों को अनावश्यक रूप से मंडी में न बैठना पड़े। उनकी उपज की तुलाई कम समय में प्राथमिकता से करें। कमिश्नर ने इसके लिए सभी सुविधाएं बनाने के निर्देश मंडी सचिवों को दिए।

किसान आय दुगुनी कर सकते हैं

कमिश्नर ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए उन्हें एआईएफ योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रोसेसिंग यूनिट जैसे रेशम उत्पादन, शहद प्रसंस्करण मशरूम की खेती,पौध संगरोध इकाईयां बनाने, बीज संग्रहण करने और अन्य यूनिट लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि एआईएफ योजना अंतर्गत किसान विभिन्न प्रोसेसिंग यूनिट लगाकर अपनी आय दुगुनी कर सकते हैं। उन्होंने एआईएफ योजना का किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए सभी मंडी एवं उप मंडी में फ्लैक्स लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मंडी सचिवों को निर्देशित किया कि वह इस योजना का किसानों के बीच व्यापक प्रचार करना सुनिश्चित करें।

मंडी का अतिक्रमण से मुक्त करें

कमिश्नर ने सभी मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि वह अपनी मंडी एवं उपमंडी की जमीन एवं भवन को प्राथमिकता से राजस्व अभिलेख में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि यदि किसी मंडी प्रांगण में अतिक्रमण है तो सचिव मंडी एक्ट का उपयोग करते हुए प्राथमिकता से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। चाकघाट मंडी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के संबंध में संतोंषजनक जवाब न देने पर कमिश्नर ने मंडी सचिव को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मंडी सचिव इस अतिक्रमण को सात दिन में हटाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *