प्रधानमंत्री आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम - rashtrmat.com

प्रधानमंत्री आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम

 राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार के दो साल के पूरे होने जा रहे कार्यकाल को संकल्पों की सिद्धि और उपलब्धियों का प्रमाणिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर गरीब के सिर पर पक्की छत का जो संकल्प भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ‘मोदी की गारंटी’ में व्यक्त किया था, वह गारंटी पूरी करके प्रदेश सरकार ने विश्वसनीयता अर्जित की है।


38,798 परिवारों को आवास स्वीकृत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष   देव ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के दो साल के महत्वपूर्ण निर्णयों एवं उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र कर बताया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के दूसरे ही दिन कैबिनेट की बैठक आयोजित कर मोदी की गारंटी के अनुरूप 18 लाख 12 हजार 743 जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया। प्रदेश में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योजना शुरू होने से अब तक 26 लाख से अधिक पीएम आवास मंजूर किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत वर्ष 2016-26 तक कुल प्राप्त लक्ष्य 26,27,223 आवासों के विरुद्ध 24,22,571 आवासों की स्वीकृति कर 16,72,002 हितग्राहियों के आवासों को पूर्ण कराया जा चुका है। आवास निर्माण की गति बढ़ाते हुए लगभग 2,000 आवास प्रतिदिवस निर्माण किया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को पक्के आवास से लाभान्वित किया जा रहा है जिसके तहत अभी तक कुल 33,217 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत प्रदेश के आवासहीन 38,798 परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *