बहन की सहेली से भाई ने किया दुष्कर्म,नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया - rashtrmat.com

बहन की सहेली से भाई ने किया दुष्कर्म,नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  बालाघाट में दसवीं की एक नाबालिग छात्रा ने 14 फरवरी को एक बच्चे को जन्म दिया। इस मामले में पुलिस ने दुष्कर्म का अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना लांजी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म कर उसे गर्भवती किया था।

आरोपी ने कई बार दुष्कर्म किया

पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्रा की पहचान अपनी सहेली के भाई से हुई थी। इसके बाद दोनों फोन पर बात करने लगे। आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर छात्रा के साथ घर और स्कूल के पीछे कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।डर के कारण नाबालिग ने अपनी गर्भावस्था की जानकारी परिवार में किसी को नहीं दी। 14 फरवरी को पेट में दर्द होने पर परिजन उसे मोटरसाइकिल से लांजी अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में ही नाबालिग ने एक बालक को जन्म दिया।

प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू

इसके बाद उसे एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल, नाबालिग प्रसूता का जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में इलाज चल रहा है, जबकि नवजात शिशु को नवजात शिशु इकाई में भर्ती किया गया है।जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड से मिली जानकारी के बाद महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। महिला थाने ने आगे की कार्रवाई के लिए मामला लांजी थाना भेज दिया, जहां पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *