राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में सुतली बम फोड़कर प्रदर्शन करने वाले युवक ने खेद व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित में माफी मांगी। युवक ने स्वीकार किया कि उसने आवेश में आकर यह कदम उठाया था और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का भरोसा दिया है।

वीडियो वायरल हुआ
गौरतलब है कि 20 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें वारासिवनी निवासी सुजल मेश्राम 20वर्ष बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में इंकलाब जिंदाबाद, भगत सिंह जिंदाबाद, भ्रष्टाचार मुदार्बाद और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए दिखाई दिया था। वीडियो में युवक दो बार सुतली बम फोड़ता भी नजर आया। जिससे कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा.तफरी का माहौल बन गया था। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया गया और प्रशासनिक स्तर पर भी मामला चर्चा का विषय बना।
भावानात्मक रूप से विचलित हुआ
बुधवार 22 जुलाई को युवक स्वयं एसपी कार्यालय पहुंचा और लिखित आवेदन देकर अपने कृत्य के लिए माफी मांगी। अपने आवेदन में उसने बताया कि उसकी बहन रिचिका नेताम ने नीट परीक्षा में पहले 400 से अधिक अंक प्राप्त किए थे। लेकिन परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा हुई परीक्षा में उसके अंक काफी कम आए। जिससे वह मानसिक तनाव में चली गई। इसी दौरान दिल्ली के जंतर.मंतर पर छात्रों के आंदोलन और उन पर कथित लाठीचार्ज की खबरें देखकर वह भावनात्मक रूप से विचलित हो गया। युवक ने लिखा कि इन घटनाओं से वह इतना आक्रोशित हो गया कि 20 जुलाई को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर विरोध स्वरूप सुतली बम फोड़ दिया था। अब इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा युवक के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी यह प्रशासनिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तय होगा। वहीं वायरल वीडियो और युवक के माफीनामे के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।