राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में भरवेली थाना क्षेत्र के मानेगांव में सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। सीमेंट से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मॉयल कर्मी गोविंद मर्सकोले (41), प्रकाश चौरे (41) और धानेश्वर मर्सकोले (23) की जान चली गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। बाइक चला रहे गोविंद मर्सकोले ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। करीब 50 से 60 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही पेट फट गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

लौटते समय यह हादसा हुआ
पुलिस के अनुसार, गोविंद मर्सकोले मॉयल (मैंगनीज और इंडिया लिमिटेड) में कार्यरत थे, जबकि प्रकाश चौरे और धानेश्वर मर्सकोले मजदूरी करते थे। तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले और आपस में दोस्त थे। बुधवार शाम वे टेकाड़ी में चाय-नाश्ता करने गए थे। वहां से गोविंद की बाइक से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।
ट्रक में 50-60 मीटर तक घिसटते गए
बालाघाट से मलाजखंड की ओर सीमेंट लेकर जा रहे ट्रक क्रमांक MH-34-BG-9316 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे गोविंद मर्सकोले ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। करीब 50 से 60 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही पेट फट गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के दौरान दो घायलों की मौत
भरवेली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रकाश चौरे और धानेश्वर मर्सकोले को अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान प्रकाश चौरे की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल धानेश्वर मर्सकोले को बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया।हादसे में जान गंवाने वाले गोविंद मर्सकोले अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और बुजुर्ग मां हैं। प्रकाश चौरे अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं, जबकि 23 वर्षीय धानेश्वर मर्सकोले अविवाहित थे। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सहारे छिन जाने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी
भरवेली थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पंद्रो ने बताया कि पुलिस ने हिट एंड रन के मामले में ट्रक चालक नसरत अली, निवासी बल्लारशाह को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। तीनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।