महिला को बाल पकड़कर पीटा:सिर और कमर में आई गंभीर चोट - rashtrmat.com

महिला को बाल पकड़कर पीटा:सिर और कमर में आई गंभीर चोट

 राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के तीनटोला नवेगांव में बाड़ी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सामने आने और घायल महिला को गुरुवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद परिजनों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

 सिर और कमर में गंभीर चोट

जिला अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित महिला सुनीता दमाहे ने बताया कि यह घटना बीते 15 जून की है। बाड़ी विवाद को लेकर पटले परिवार की तीन महिलाओं और दो पुरुषों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।इस हमले में उनके सिर और कमर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। गुरुवार को दर्द अधिक बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

 परिजनों ने लगाया पुलिस पर आरोप

मारपीट के दौरान महिला के बेटे ने घटना का पूरा वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था, जो अब वायरल हो रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है ।

मामले की  जांच की जा रही

इस पूरे मामले में रामपायली थाना प्रभारी धर्मराजसिंह बघेल ने बताया कि परिजनों के आरोप निराधार हैं। घटना को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके आधार पर पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर लिया है। घायल महिला की एमएलसी जांच भी कराई गई है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *