PMGSY में पेटी ठेकेदारों का भुगतान अटका,  संकट में कई परिवार - rashtrmat.com

PMGSY में पेटी ठेकेदारों का भुगतान अटका,  संकट में कई परिवार

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत कार्य कर रहे पेटी ठेकेदारों (सब-कॉन्ट्रैक्टरों) को मुख्य ठेकेदारों द्वारा समय पर भुगतान नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भुगतान लंबित रहने के कारण कई पेटी ठेकेदार आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उधार लेकर कार्य कराते हैं
जानकारी के अनुसार PMGSY के तहत सड़क निर्माण कार्यों का ठेका लेने वाले मुख्य ठेकेदार अधिकांश कार्य अपने अधीन पेटी ठेकेदारों को सौंप देते हैं।पेटी ठेकेदार निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अपनी जमा पूंजी लगाते हैं या फिर ऊंची ब्याज दरों पर उधार लेकर कार्य कराते हैं।इसके बावजूद सड़क निर्माण का कार्य पूरा होने अथवा 80 प्रतिशत से अधिक कार्य संपन्न होने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिल पा रहा है।
भुगतान करने में असमर्थ
“जब मुख्य ठेकेदारों से पेटी ठेकेदारों के लंबित भुगतान के संबंध में जानकारी ली गई, तो उन्होंने भुगतान न होने का कारण पीएमजीएसवाई विभाग से कार्यों की राशि प्राप्त न होना बताया। मुख्य ठेकेदारों का कहना है कि विभाग द्वारा भुगतान नहीं किए जाने के कारण वे पेटी ठेकेदारों का बकाया भुगतान करने में असमर्थ हैं।”कई पेटी ठेकेदारों ने बताया कि भुगतान नहीं मिलने से वे आर्थिक तंगी के साथ-साथ मानसिक तनाव से भी गुजर रहे हैं।उधार देने वाले लोग लगातार रकम वापस मांग रहे हैं,जबकि उन्हें स्वयं अपने कार्य का भुगतान नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *