राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के बैहर थाना क्षेत्र में मोदीनगर इलाके में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मकान में 35 वर्षीय महिला सविता धुर्वे की आधी गर्दन कटी लाश मिली है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।मृतक सविता धुर्वे चार बच्चों की मां थीं और उनके पति जगानंद धुर्वे का पहले ही देहांत हो चुका है। वह अपनी बेटियों के साथ रहती थीं।

गर्दन आधी कटी हुई लटकी थी
गुरुवार शाम को जब उनकी दो बेटियां काम से वापस लौटीं, तो सविता घर पर नहीं थीं।बेटियों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मां का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद वे खाना खाकर सो गईं। शुक्रवार सुबह जब बेटियां अपने नए बन रहे मकान पर पहुंचीं, तो वहां मां का शव चित्त हालत में खून से लथपथ पड़ा था और गर्दन आधी कटी हुई लटकी थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।घटना की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हत्या का केस दर्ज जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले के अनुसार, हत्या की आशंका महिला के ही किसी परिचित व्यक्ति पर जताई जा रही है।हालांकि, हत्या के असली कारणों और इसके पीछे की वजह का अभी तक साफ पता नहीं चल पाया है