राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर कृषि विभाग ने परसवाड़ा के ग्राम कोसमी स्थित बजरंग कृषि केंद्र से 510 क्विंटल 79 किलोग्राम धान बीज का अवैध भंडारण जब्त किया। किसानों के साथ धोखाधड़ी की आशंका के चलते आज शुक्रवार को कृषि केंद्र को सील कर दिया गया है। केंद्र संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई है।

बजरंग कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण
यह कार्रवाई 23 मई को मिली जानकारी के आधार पर की गई। सहायक संचालक कृषि राजेश खोबरागड़े, एसडीओ एस.आर. धुर्वे, बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक निरीक्षक, और कृषि विकास अधिकारी प्रीति पंद्राम ने बजरंग कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध धान बीज के स्टॉक और संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई।
सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
सहायक संचालक राजेश खोब्रागढ़े ने बताया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों के विक्रय एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

48 क्विंटल 09 किलोग्राम धान बीज अवैध
सहायक संचालक राजेश खोबरागड़े ने बताया कि जांच में केंद्र के प्रोपराइटर सूरजलाल हिरवाने की ओर से नियमों का उल्लंघन कर बड़ी मात्रा में धान बीज का भंडारण करना पाया गया। अधिकारियों को केंद्र में श्री सीड्स, सोमाजीगुडा (हैदराबाद) कंपनी का 462 क्विंटल 70 किलोग्राम और सीड वर्क इंटरनेशनल लिमिटेड, गोड़ावेली, मलकाजगिरी (तेलंगाना) कंपनी का 48 क्विंटल 09 किलोग्राम धान बीज अवैध रूप से भंडारित मिला।कुल 510 क्विंटल 79 किलोग्राम धान बीज का नियम विरुद्ध भंडारण पाए जाने पर कृषि केंद्र को तत्काल सील कर दिया गया। कृषि विभाग की जांच में सामने आया कि अवैधानिक तरीके से बीज का भंडारण कर किसानों को भ्रमित करने और उनके साथ धोखाधड़ी करने की आशंका थी।

सूरजलाल हिरवाने के खिलाफ शिकायत दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए, बीज निरीक्षक और कृषि विकास अधिकारी प्रीति पंद्राम ने परसवाड़ा थाने में बजरंग कृषि केंद्र के संचालक सूरजलाल हिरवाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परसवाड़ा पुलिस ने आरोपी प्रोपराइटर सूरजलाल हिरवाने के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 314(4), बीज अधिनियम और अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।