मैं भगोड़ा नहीं हूं, मुझे क्यों निशाना बनाते हैं राहुल गांधी-ललित मोदी - rashtrmat.com

मैं भगोड़ा नहीं हूं, मुझे क्यों निशाना बनाते हैं राहुल गांधी-ललित मोदी

राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने अपने साथ जुड़े ‘भगोड़ा’ के टैग को खारिज करते हुए कहा है कि वह बिल्कुल भी भाग नहीं रहे हैं और भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है।ललित मोदी 2010 में भारत छोड़कर चले गए थे। न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में मोदी ने कहा, “मैं बिल्कुल भी भाग नहीं रहा हूं। भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है। अगर वे चाहते तो मुझे बहुत पहले ही पकड़ सकते थे।

मैं पूरी दुनिया घूम रहा हूं

इस दावे को खारिज करते हुए कि वह भाग रहे हैं मोदी ने तर्क दिया कि पूरी दुनिया में घूमते हुए भारत जैसी वैश्विक महाशक्ति से बच निकलना असंभव है। उन्होंने कहा, “मैं बिल्कुल भी भाग नहीं रहा हूं। मैं पूरी दुनिया में घूम रहा हूं। अगर मैं भाग रहा होता तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते। यह सरकार नहीं बल्कि मीडिया है।ललित मोदी पर भारत में वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विशेष रूप से निशाना बनाया गया है और उनके खिलाफ चल रहे मामले राजनीति से प्रेरित हैं।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा, जो अपनी रैलियों और संसद में दिए गए भाषणों के दौरान लगातार उन्हें निशाना बनाते रहे हैं।उन्होंने कहा, “जब भी चुनाव होते हैं, वह मुझ पर हमला करते हैं। वह जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि मैं क्रिकेट से जुड़ा हुआ हूं और क्रिकेट लोगों की भावनाओं से जुड़ा होता है।”

‘चिदंबरम ने मुझे धमकाया’

2009 के आईपीएल को दक्षिण अफ्रीका में स्थानांतरित करने के पीछे के हाई-स्टेक ड्रामे का विस्तार से जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने उन्हें धमकाया और जान-बूझकर इस टूर्नामेंट को बाधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *