राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट में मुस्लिम जागृति मंच ने देश में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है।सनातन धर्म में माता माने जाने वाली गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने तथा गौवंश संरक्षण को लेकर अब मुस्लिम जागृति मंच ने भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

गोवंश हत्या पर कठोर दंड दें
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से आग्रह किया है कि संसद के आगामी वषार्कालीन सत्र में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने के लिए विधेयक लाकर कानून बनाया जाए। साथ ही गौवंश की हत्या पर कठोर दंडात्मक प्रावधान किए जाने और गौवंश से निर्मित विभिन्न उत्पादों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग रखी गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश में समय.समय पर गाय को लेकर विवाद तनाव और हिंसक घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में स्पष्ट और व्यापक कानून बनाकर सामाजिक सौहार्द एवं शांति को मजबूत किया जा सकता है। उन्होने विभिन्न समुदायों की धार्मिक मान्यताओं और भावनाओं का भी जिक्र करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की।
सीएम प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजें
मंच के प्रमुख प्रतिनिधि युनूस खान ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सनातन धर्म में गाय का स्थान अत्यंत पवित्र और पूजनीय है, हिंदू धर्मावलंबी उसे पूरी श्रद्धा से ‘गौमाता’ मानते हैं।उन्होंने बेबाकी से कहा कि अक्सर देश के अलग-अलग हिस्सों में गौवंश के अवैध परिवहन और उसके मांस को लेकर गंभीर विवाद सामने आते हैं, जिनकी आड़ में कई बार एक विशेष समुदाय के निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जाता है।संगठन ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि राज्य विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए ताकि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की दिशा में पहल हो सके। फिलहाल पदाधिकारियों ने यह उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार देश की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगी।