नल जल योजना की NOC नहीं देने पर ठेकेदार ने सचिव को पीटा - rashtrmat.com

नल जल योजना की NOC नहीं देने पर ठेकेदार ने सचिव को पीटा

राष्ट्रमतन्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जनपद पंचायत वारासिवनी की ग्राम पंचायत नरोड़ी में नल जल योजना की एनओसी नहीं देने पर ठेकेदार ने सचिव को पीटा। इस संंबंध में सचिव संजय पंचभाये द्वारा पुलिस थाना वारासिवनी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

एनओसी मांग रहा था

ठेकेदार शैलेंद्र पटले ग्राम पंचायत नरोड़ी में चल रही नलजल योजना का कार्य अधूरा होने के बावजूद सचिव संजय पंचभाये से एनओसी मांग रहा था। सचिव पंचभाये ने कार्य पूरा होने तक एनओसी देने से इनकार कर दिया था।सचिव संजय पंचभाये ने बताया कि जब वह अपनी बेटी के साथ स्कूटी से बाजार जा रहे थे, तभी ठेकेदार शैलेंद्र पटले ने उन्हें रोका और एनओसी जारी करने को कहा। सचिव ने काम पूरा होने के बाद ही एनओसी देने की बात दोहराई।

ठेकेदार ने  धक्का देते हुए धमकी दी

इस बात पर ठेकेदार नाराज हो गया और उसने सचिव को अपशब्द कहे। जब सचिव ने गाली देने से मना किया तो ठेकेदार ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। ठेकेदार ने उनकी स्कूटी को धक्का देते हुए धमकी भी दी कि यदि एनओसी जारी नहीं की गई तो वह जान से मार देगा। मारपीट के कारण सचिव संजय के सिर में दर्द हुआ।घटना से आक्रोशित क्षेत्रीय सचिव संघ ने वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने सचिव संजय पंचभाये की शिकायत पर ठेकेदार शैलेंद्र पटले के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।