पांच जुआ फड़ पर दबिश,पकड़े 33 जुआरी; 90 लाख की चार कार जब्त - rashtrmat.com

पांच जुआ फड़ पर दबिश,पकड़े 33 जुआरी; 90 लाख की चार कार जब्त

राष्ट्रमत न्यूज,रायगढ़(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर खुडखुडिया जुआ खेल रहे 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। यह मामला छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।छाल थाने की पुलिस टीम ने ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर दबिश दी। यहां जुए के पांच फड़ संचालित हो रहे थे, जिन पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 33 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के पास से लगभग 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस ने पांच गैस लाइट भी जब्त की

इसमें एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ और एक ऑल्टो कार शामिल हैं। जुआ फड़ से 57 हजार 140 रुपये नकदी भी बरामद हुई। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने पांच गैस लाइट भी जब्त की हैं। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए जुआरी विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। ये घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र से आए थे। वे धसकामुड़ा बस्ती के छोर पर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ खेल रहे थे।

पांच अलग-अलग मामले दर्ज

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल ने मार्गदर्शन दिया। थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी की।छाल पुलिस ने गिरफ्तार 33 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा छह के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज हुए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी नासिर खान और थाना छाल के स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *