राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बदरांव वार्ड क्रमांक 43 में सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। जहां घर के सभी सदस्य अपने गांव मनकुआं में एक श्रद्धा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, जमीन की रजिस्ट्री सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया।

कमरों और दरवाजों के ताले टूटे थे
पीड़ित परिवार के मुताबिक, घर के सभी सदस्य 6 तारीख को अपने मकान से निकले थे और 8 तारीख की शाम जब वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर देखा कि अंदर के कमरों और दरवाजों के ताले भी टूटे हुए थे और बेडरूम में रखा सामान बिखरा पड़ा था। घर की हालत देखकर परिवार को अंदेशा हुआ कि मकान में चोरी की वारदात हुई है।

सोने चांदी के गहने सहित 20 लाख की चोरी
इसके बाद जब उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और सामान का मिलान किया, तो पता चला कि घर में रखे करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, लगभग 5 लाख रुपये की चांदी, 50 हजार रुपये नकद, जमीन की रजिस्ट्री और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब हैं। इस तरह चोरी की इस वारदात में परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बिछिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से चोरी का खुलासा कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

आना-जाना बंद हो गया
फरियादी ने घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों को लेकर भी कुछ अहम संदेह जाहिर किए हैं। उनका कहना है कि घर के बगल में एक खाली प्लॉट पड़ा हुआ है, जहां एक छोटा-सा कमरा बना है और वहां बस्ती के कुछ लोग कथित तौर पर रात के समय बैठकर नशा किया करते थे, लेकिन घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पिछले तीन-चार दिनों से उन लोगों का वहां आना-जाना बंद हो गया है।

पीड़ित परिवार को आशंका
पीड़ित परिवार को आशंका है कि इस गतिविधि की जानकारी जुटाकर और संबंधित लोगों से सख्ती से पूछताछ करके पुलिस को मामले में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है। हालांकि, चोरी में किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है और किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता जांच के बाद ही साबित हो सकेगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब परिवार अपने घर से दूर था, तब चोरों ने किस तरह मकान की रेकी की, वारदात को अंजाम दिया और लाखों रुपये के जेवरात के साथ जमीन की रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए।