राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के डोरली गांव मे पराली के ढेर मे दफन करोड़ो रूपए बरामद हुए है। जानकारी लगते ही लोगो की भीड़ एकत्रित हो गई और नजारा देखकर सब हैरान हो गए। इतनी बड़ी रकम सबको हैरान कर गई। यहाँ नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी की निशांदेही पर बरामद किये 3.74 करोड़ रूपए बरामद किये, जो नागपुर के व्यापारी से लूटे गए थे।

लूटकांड का तार अब बालाघाट जुड़ गया
महाराष्ट्र के नागपुर में हुए सनसनीखेज 3.74 करोड़ रुपये के लूटकांड का तार अब मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से जुड़ गया है। वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम डोरली में 24 नवंबर की सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। दो आरोपियों की निशानदेही पर एक खेत में दबिश दी गई, जहां पैरा (धान के पुआल) के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई नोटों से भरी तीन बोरियां बरामद हुईं। पुलिस ने इन बोरियों से 3 करोड़ 26 लाख रुपये की नकदी जब्त की है।

तीन बोरियों में बड़ी मात्रा में नकदी मिली
जानकारी के अनुसार, नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वारासिवनी और रामपायली पुलिस के सहयोग से ग्राम डोरली पहुंची थी। टीम अपने साथ दो आरोपियों कृष्णा और अरविंद को लेकर आई थी। इसके बाद बस्ती तालाब के पास स्थित अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पैरा के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई तीन बोरियों में बड़ी मात्रा में नकदी मिली। खेत में करोड़ों रुपये मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

नकदी को अपने साथ नागपुर ले गई
पुलिस ने तीनों बोरियों को जब्त कर ग्राम पंचायत डोरली पहुंचाया, जहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने करीब सात घंटे तक नकदी की गिनती और अन्य वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान कुल 3 करोड़ 26 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई पूरी करने के बाद नागपुर पुलिस आरोपियों और जब्त नकदी को अपने साथ नागपुर ले गई।
नकदी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया
नागपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने नकदी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया और मध्यप्रदेश के चिखला होते हुए डोरली लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि डोरली निवासी अरविंद डहरवाल के खेत में पैरा के ढेर के नीचे तीन बोरियों में भरकर 3.26 करोड़ रुपये छिपा दिए गए थे। नागपुर पुलिस ने लूटी गई कार के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और बालाघाट तक पहुंची। इसके बाद डोरली निवासी अरविंद डहरवाल और चिखला निवासी उसके रिश्तेदार को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर रकम बरामद की गई।

कार में रखी नकदी गायब थी
गौरतलब है कि 18 नवंबर की तड़के महाराष्ट्र के नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने अनाज एवं फाइनेंस व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर 3.74 करोड़ रुपये नकद से भरी कार लूट ली थी। वारदात के बाद लूटी गई कार कामठी के खैरी इलाके में लावारिस हालत में मिली थी, लेकिन उसमें रखी नकदी गायब थी। इस वारदात के बाद से ही नागपुर क्राइम ब्रांच और शांतिनगर पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। नागपुर क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट का मामला है। इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है और जांच जारी है। बालाघाट के डोरली में हुई इस कार्रवाई में 3.26 करोड़ रुपये की नकदी बरामद होना बड़ी सफलता मानी जा रही है।