महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जा रहे तीन बैल मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार - rashtrmat.com

महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जा रहे तीन बैल मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के खैरलांजी में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे तीन बैलों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
जालीदार लोहे की पट्टी बंधी हुई थी
 जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को खैरलांजी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में तीन बैलों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खैरलांजी से कुछ दूरी पर घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन  बैलों के शरीर पर जालीदार लोहे की पट्टी बंधी हुई थी।
महाराष्ट्र के कत्लखाने ले  जा रहा था
पुलिस ने तत्काल तीनों बैलों को वाहन से मुक्त कराया और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम नितिन पारधी (28 वर्ष), निवासी जुन्नीगली माता वार्ड, डोरली, थाना तुमसर, जिला भंडारा (महाराष्ट्र) बताया। चालक ने पुलिस को बताया कि तीनों बैलों को इमरज चंद तुरकर, निवासी ग्राम साकड़ी, थाना सिहोरा, जिला भंडारा (महाराष्ट्र) के कहने पर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले  जा रहा था।
अपराध पंजीबद्ध किया
  मामले में पुलिस ने नितिन पारधी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इमरज चंद तुरकर को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 9, मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 एवं 6 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *