शिक्षक ने पांच हजार रुपए का AVG शिक्षिका रखा,जांच के आदेश - rashtrmat.com

शिक्षक ने पांच हजार रुपए का AVG शिक्षिका रखा,जांच के आदेश

 *2022 से पदस्थ सहायक शिक्षक अमोल सिंह एंड्रिक पर
*ग्रामीणों ने लगाए स्कूल से नदारद रहने के आरोप
*जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए विभागीय जांच के निर्देश
 राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। जिले के अंदरूनी इलाकों में सरकारी शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां एक सरकारी स्कूल में पदस्थ नियमित शिक्षक पर खुद स्कूल नहीं आने और अपनी जगह एक युवती को एवजी शिक्षिका के रूप में रखकर बच्चों की पढ़ाई करवाने के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) राजेश कुमार पाण्डेय ने इसे गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
2022 से पदस्थ शिक्षक स्कूल नहीं आते 
ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित स्कूल में वर्ष 2022 से सहायक शिक्षक अमोल सिंह एंड्रिक पदस्थ हैं। आरोप है कि शिक्षक नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंचते और महीने-दो महीने में कभी एकाध बार ही स्कूल आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल पहुंचने के बाद भी वे कुछ देर बैठकर मोबाइल पर बात करते हैं और वापस लौट जाते हैं।
ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है
ग्रामीणों ने स्कूल संचालन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि स्कूल खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी स्कूल सुबह 11 बजे खुलता है तो कभी दोपहर 1 से 2 बजे के बीच ही बंद हो जाता है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है।
एक साल से एवजी शिक्षिका के भरोसे  
स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही चेरकंठी निवासी युवती शांति मोडियाम ने बताया कि वह पिछले एक साल से अधिक समय से स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही हैं। उनके अनुसार, स्कूल में पदस्थ नियमित शिक्षक केवल 15 अगस्त, 26 जनवरी या कभी-कभार ही स्कूल पहुंचते हैं। इसके बदले उन्हें 5 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।
युवती को स्कूल में पढ़ाने के लिए रखा था
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक युवती को भी नियमित भुगतान नहीं करते और साल में कभी एकाध बार ही 3 से 5 हजार रुपये देते हैं। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि शिक्षक ने अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए बिना उनकी सहमति के युवती को स्कूल में पढ़ाने के लिए रखा था।
शिक्षक ने स्वास्थ्य कारणों का दिया हवाला
दूसरी ओर, शिक्षक अमोल सिंह एंड्रिक ने स्कूल नहीं पहुंच पाने के पीछे बारिश के दौरान नदी में बाढ़ और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला दिया है। उनका कहना है कि ग्रामीणों की सहमति से 12वीं पास युवती को बच्चों को पढ़ाने के लिए रखा गया था। हालांकि, ग्रामीणों ने शिक्षक के इस दावे को खारिज किया है।
 शिक्षक रखने का  प्रावधान नहीं_DEO
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि विभाग में किसी नियमित शिक्षक द्वारा अपनी जगह किसी अन्य व्यक्ति को एवजी शिक्षक के रूप में रखने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा किया गया है तो यह नियम विरुद्ध है।
नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
जिला शिक्षा अधिकारी के मुताबिक, किसी स्कूल में शिक्षक की कमी होने पर विभागीय प्रक्रिया के तहत ही ‘शिक्षा दूत’ या ‘शिक्षा मित्र’ की नियुक्ति की जाती है। संबंधित स्कूल में इस तरह की कोई नियुक्ति हुई है या नहीं, इसकी भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की विभागीय जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच पर टिकी ग्रामीणों की उम्मीदें
इस पूरे मामले ने अंदरूनी क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की निगरानी और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल में नियमित शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अब देखना होगा कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *