शराबबंदी को लेकर सुरवाही में मातृशक्ति का 'हल्लाबोल' - rashtrmat.com

शराबबंदी को लेकर सुरवाही में मातृशक्ति का ‘हल्लाबोल’

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम सुरवाही की मातृशक्ति ने नशे के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। गांव की महिलाओं ने एक स्वर में सुरवाही को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए एक बड़ी बैठक आयोजित की और गांव में शराब बिक्री व सेवन पर कड़ा प्रतिबंध लगाने का फरमान जारी कर हल्ला बोल दिया।
पूर्ण शराब बंदी लागू कराने की मांग
 अभियान के प्रथम चरण में ग्रामीणों ने गांव में वृहद रैली निकालकर “नशा से दूरी है बहुत जरूरी” का कड़ा संदेश दिया। इसके उपरांत ग्राम पंचायत सुरवाही की महिला सरपंच श्रीमती मोहिनी जितेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में लामबंद हुईं महिलाओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर एक विशाल रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान मातृशक्ति ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर गांव में पूर्ण शराब बंदी लागू कराने की मांग की।
नशे को छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो
  इस दौरान “जन-जन का एक ही नारा, नशा मुक्त हो सुरवाही हमारा”, “नशे को छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो”, “नशा करेगा जीवन बर्बाद, नशा मुक्त बने हर आबाद”, “जीवन है अनमोल, नशे से मत करो इसका मोल” जैसे गगनचुंबी नारों से नशा मुक्त महौल गूंज उठा। इस नशा मुक्ति महाभियान में माताओं-बहनों, पंचगणों और प्रबुद्ध ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने आंदोलन को और अधिक मजबूती प्रदान की।
नशा मुक्त बनाना हमारा संकल्प
 ग्राम पंचायत सुरवाही की सरपंच मोहिनी जितेन्द्र चौधरी ने  कहा, सुरवाही को नशा मुक्त बनाना हमारा प्राथमिक संकल्प है। नशा परिवार और युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत और पूरा गांव एकजुट होकर इस नशा मुक्ति अभियान को अंजाम तक पहुंचाएगा। ताकि विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा बनेगा हमारे गांव का आधार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *