*बहन को जमीन में हिस्सा मिलने से नाराज था आरोपी
*पिता को मिल रही सरकारी योजना के लाभ में भी हिस्सा चाहता था बेटा
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिस पिता ने बेटे को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, बुढ़ापे में उसी पिता को बेटे ने दर्दनाक मौत दे दी। संपत्ति के लालच में रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह वारदात बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र से सामने आई है। आरोप है कि बहन को जमीन में हिस्सा देने और पिता को मिलने वाली पेंशन सहित सरकारी योजनाओं का लाभ बहन को ही मिलने से नाराज बेटे ने अपने 80 वर्षीय पिता को रस्सी से बांधा, पॉलीथिन और बिस्तर में लपेटा और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। दिया। इस निर्मम हत्याकांड के बाद फरार आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बहन की इस मदद से आरोपी नाराज
दिल दहला देने वाली यह घटना लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगलपुर की है। यहां 80 वर्षीय दुलेश्वर खोब्रागढ़े की अधजली लाश उनके ही घर में बरामद हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि उनके बेटे अनिल खोब्रागढ़े को इस बात से नाराजगी थी कि पिता ने अपनी बेटी को अपने पास रखा था और रहने के लिए कुछ जमीन भी उपलब्ध कराई थी। आरोपी को लगता था कि बहन को जमीन देने से उसके हिस्से की संपत्ति कम हो जाएगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने पिता की पेंशन और सरकारी योजनाओं से मिलने वाली राशि पर भी खुद अधिकार चाहता था। इसी विवाद के चलते वह पिता को खाना तक नहीं देता था। हालांकि, बेटी चोरी-छिपे पिता को भोजन और पानी पहुंचाती थी। बहन की इस मदद से आरोपी नाराज रहता था और आए दिन विवाद करता था।

अपना थैला लेकर वाहन से निकल गया
बताया गया कि इसी नाराजगी में आरोपी ने पिता की हत्या की साजिश रची। रात में पेट्रोल की व्यवस्था की और बुजुर्ग पिता को घर की दीवार के एक कोने में ले जाकर उनके ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद आग लगाकर उन्हें जिंदा जला दिया। वह फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अगले दिन सुबह अपना थैला लेकर वाहन से निकल गया।
बेटी की चीख सुनकर गांव हैरान
पिता की मौत के बाद बेटी की चीख सुनकर पूरा गांव इकट्ठा हो गया। हर कोई हैरान रह जाता है कि यह वारदात कैसे हुई? सवाल यही था कि आखिर रात के अंधेरे में बुजुर्ग के साथ हुआ क्या था? क्या उन्होंने ठंड से बचने के लिए आग जलाई और उसकी चपेट में आ गए या फिर इस आग के पीछे कोई साजिश छिपी हुई थी? लेकिन बेटी के ब्यान से जो सामने आ रहा था, उस पर यकीन करना भी मुश्किल हो रहा था। शक की सुई बेटे पर जा रही थी और प्रत्यक्ष सबूत इशारा कर रहे थे कि इस भयानक हत्याकांड में बेटे का ही हाथ हैं। लेकिन सवाल यही था कि जिंदा क्यों जला दिया? आखिर इसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से परीक्षण किया। अंतत: जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात ने एक बार फिर पिता-पुत्र के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है।