बस्तर के गांव में बिका 3850 क्विंटल मक्का, मंडी से भी ऊंचे मिले दाम - rashtrmat.com

बस्तर के गांव में बिका 3850 क्विंटल मक्का, मंडी से भी ऊंचे मिले दाम

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर/ बस्तर(ब्यूरो)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के लिए  राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल अब धरातल पर रंग लाने लगी है। बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए मंडी की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है, बल्कि उन्हें अपने ही गांव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।
3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी
इसी कड़ी में ‘बिहान’ के तहत गठित 10 एफपीओ किसान उत्पादक संगठन—’लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ बकावंड और ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की है। इस मक्के को बाद में सीधे स्थानीय व्यापारी ‘सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड’ को विक्रय किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी रही।
परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली
किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से गठित इन एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से गांव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीदी की जा रही है। इस नई व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ हो रहा है, क्योंकि उन्हें अपनी उपज को शहर या मंडी तक ले जाने में लगने वाले भारी-भरकम परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली है। इसके साथ ही, मंडी में अपनी बारी का इंतजार करने और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाले कीमती समय की भी बचत हो रही है। बिचौलियों की भूमिका खत्म होने से किसानों को अपने गांव की दहलीज पर ही उपज का उचित और ऊंचा मूल्य प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *