राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के तिरोड़ी में मामूली विवाद के बाद पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी आरती कठौते की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति कमल कठौते कुएं में कूद गया, जिसे मोहल्ले के लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धारदार हथियार से हमला
बताया जा रहा है कि 27 सितंबर को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पति कमल पिता शिवलाल कटौते पर आरोप है कि उसने नशे की हालत में पत्नी आरती कटौते के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जहां गंभीर चोट लगने से आरती कटौते की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनो पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। पति से परेशान होकर पत्नी आरती कटौते अपने मायके चले गई थी। लेकिन कुछ दिन पहले ही वह अपने मायके से वापस आई थी। कटौते दंपती की करीब तीन वर्ष की एक छोटी बच्ची भी है, जो घटना के समय अपने दादा-दादी के पास थी।

शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया
पति कमल कटौते कुएं में कूद गया। पडोसियों ने उसे बचा लिया और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कमल को अपनी अभिरक्षा में लेकर उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतका के गले पर गंभीर चोट
फिलहाल आरोपी पति कमल कटौते का अस्पताल में उपचार जारी है। तो वही पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतका के गले पर गंभीर चोट के निशान पाये है, लेकिन चोट किस वस्तु से लगी और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पानी भरने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक घटना आज सोमवार सुबह 8-9 बजे की है। नल आने पर पानी भरने को लेकर दंपती के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपी ने चार वार किए, जिनमें दो वार गले में लगे। पत्नी ने बिस्तर पर ही दम तोड़ दिया।

एफएसएल टीम ने चाकू बरामद किया
घटना की सूचना मिलने पर तिरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून लगा चाकू भी बरामद किया है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।