राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेल सुविधाओं की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया।जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी और रीवा-इतवारी एक्सप्रेस का लामता व चांगोटोला में स्टॉपेज, लोकल ट्रेनों के समय पर संचालन और भोपाल, इंदौर व दिल्ली के लिए नई रेल सुविधाएं शुरू करने की मांग की गई।प्रदर्शन के बाद स्टेशन महाप्रबंधक कृष्ण मोहन चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया।

अनुभा मुंजारे ने कहा वृहत आंदोलन करेंगे
बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कहा कि यह दुर्भाग्य का विषय है कि इंदौर भोपाल के सैकड़ो यात्रियों की मांग पर अब तक पंचवेली का संचालन बालाघाट से नहीं किया जा रहा है तथा सांसद भारती पारधी नई ट्रेनों की लेट लतीफी को लेकर और ना ही भोपाल इंदौर की सीधी रेल सेवा के लिए कोई गंभीर प्रयास कर रही हैं,जिससे आम जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है यह सभी मांगे यदि 10 दिन के अंदर पूर्ण नहीं हुई तो हम सभी ब्रॉड गेज रेल संघर्ष समिति के नेतृत्व में एक वृहत आंदोलन करेंगे।
एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बालाघाट में चाहिए
परसवाड़ा विधायक मधु भगत ने उक्त अवसर पर कहा कि लामता चांगूटोला क्षेत्र, परसवाड़ा एवं बालाघाट जिले का राजस्व देने वाला एक प्रमुख स्थान है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर का वन्य प्राणी पार्क कान्हा उद्यान यहां से अत्यंत पास है इस बात को दृष्टिगत रखते हुए सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बालाघाट में सुनिश्चित किया जाना चाहिए ।
इंटरसिटी के दोनों जगह स्टॉपेज की मांग
कांग्रेस विधायकों ने जबलपुर से रायपुर चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का लामता और चांगोटोला में स्टॉपेज देने की मांग की। इसके साथ ही लोकल ट्रेनों का समय पर संचालन और अन्य शहरों के लिए नई रेल सुविधाएं शुरू करने की मांग रखी।
रेलवे स्टेशन में भारी प्रदर्शन
पेंचवेली एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को गोंदिया बालाघाट से चलाए जाने की घोषणा के बावजूद सांसद भारती पारधी द्वारा की जा रही निष्क्रियता को लेकर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह बैस के नेतृत्व में तथा परसवाड़ा विधायक मधु भगत एवं बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे की प्रमुख उपस्थिति में भारी जन समुदाय के साथ बालाघाट रेलवे स्टेशन में भारी प्रदर्शन हुआ।