जल, जंगल, जमीन के प्रखर प्रहरी: धरती आबा बिरसा मुंडा \ विशेष लेख - rashtrmat.com

जल, जंगल, जमीन के प्रखर प्रहरी: धरती आबा बिरसा मुंडा \ विशेष लेख

हेमेन्द्र क्षीरसागर, बता रहे हें कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल संघर्ष और बलिदान की गाथा नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए सब कुछ न्योछावर कर देने का अदम्य संकल्प है। उनका उलगुलान आज भी आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपनी माटी से प्रेम करने की प्रेरणा देता है।

 जल, जंगल, जमीन के प्रखर प्रहरी: धरती आबा बिरसा मुंडा \ विशेष लेख

जिस धरती ने उन्हें जन्म दिया, उसी धरती के जल, जंगल और जमीन पर अपने समाज का अधिकार सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका। उम्र महज 25 वर्ष, लेकिन हौसला ऐसा कि ब्रिटिश सत्ता भी उनके नाम से कांप उठी। वे आदिवासी अस्मिता के प्रहरी थे, सामाजिक चेतना के संवाहक थे और शोषण के विरुद्ध उठी एक ऐसी बुलंद आवाज थे, जिसकी गूंज आज भी सुनाई देती है।

मातृभूमि में जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले जननायक भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक ऐसा अप्रतिम नाम हैं। जिन्होंने अल्पायु में ही अपने शौर्य और पराक्रम से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातू गांव में माता करमी और पिता सुगना मुंडा के घर हुआ था। शुरुआती शिक्षा साल्गा गांव और चाईबासा के गोस्नर इवेंजेलिकल लुथरन विद्यालय में प्राप्त करने के बाद, उनका मन सदैव अपने समाज की दुर्दशा और ब्रिटिश शासन के अत्याचारों पर विचार करता रहा।

उन्नीसवीं सदी के अंतिम दशक में उनके नेतृत्व में हुआ मुंडा विद्रोह उलगुलान अर्थात महान हलचल भारतीय जनजातीय इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और बड़े विप्लवों में से एक है। यह केवल एक राजनीतिक संघर्ष नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और आदिवासी अस्मिता की रक्षा का महाअभियान था। 1894 के भीषण अकाल और महामारी के दौरान बिरसा मुंडा ने जिस निष्ठा से जनसेवा की। उसने उन्हें समाज का सर्वमान्य और आदरणीय धरती आबा,  धरती के पिता बना दिया।

उनकी वैचारिक दृष्टि अत्यंत प्रखर थी। उन्होंने हिंदू और ईसाई धर्म का गहन अध्ययन कर यह महसूस किया कि आदिवासी समाज धर्मांतरण और मिशनरियों के भ्रम का शिकार हो रहा है। उन्होंने समाज को संगठित करने के साथ सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया। 28 जनवरी 1898 को निकाली गई चुटिया यात्रा इसका ऐतिहासिक प्रमाण है। जिसके माध्यम से उन्होंने मुंडा वनवासियों में तुलसी पूजा की परंपरा की शुरुआत की। जो आज भी उनकी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।

बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल वैचारिक नहीं, अपितु प्रत्यक्ष सशस्त्र क्रांति था। वर्ष 1897 में उन्होंने अपने चार सौ तीर-कमानधारी साथियों के साथ खूंटी थाने पर हमला बोल दिया। 1898 में अंग्रेजी सेना के साथ उनका कड़ा संघर्ष हुआ। जनवरी 1900 में डोम्बरी पहाड़ पर एक जनसभा को संबोधित करते समय अंग्रेजों ने बर्बरता की हदें पार करते हुए महिलाओं और बच्चों तक को निशाना बनाया। अंततः फरवरी 1900 में चक्रधरपुर के जमकोपाई जंगल से अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर रांची कारागार में डाल दिया। मात्र 25 वर्ष की आयु में, 07 जून 1900 को अंग्रेजों ने उन्हें कथित रूप से धीमा जहर देकर असमय मौत के मुंह में धकेल दिया।

भले ही अंग्रेजों ने शारीरिक रूप से धरती आबा को हमसे छीन लिया। परंतु उनके बलिदान ने देशवासियों में ऐसी क्रांति की अलख जगाई कि अंततः भारत ने अपनी मातृभूमि से विदेशी शासन का नामोनिशान मिटा दिया। वे केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि भविष्य-द्रष्टा, समाज सुधारक और सनातन परंपरा के सच्चे अग्रदूत थे। उनके अद्वितीय योगदान को सम्मान देते हुए उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना पूरे देश के लिए प्रेरणास्पद और गौरवशाली कदम है। ऐसे महान क्रांतिचेत्ता और अपराजेय योद्धा को शत-शत वीरांजलि!

हेमेन्द्र क्षीरसागर, 

  बालाघाट, मप्र,MO-9174660763

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *