सुधा गोयल का यह गीत यह गीत प्रेम की उस बारिश का एहसास है, जिसमें तन ही नहीं, मन भी भीग जाता है। प्रेम की उस खूबसूरत अनुभूति को व्यक्त करता है, जिसमें प्रिय व्यक्ति केवल यादों में नहीं, बल्कि मन की हर धड़कन में बस जाता है। सावन की फुहारों, मल्हारों और ठंडी हवाओं के माध्यम से प्रेमिका ने अपने प्रेम, प्रतीक्षा, समर्पण और विरह को बेहद कोमलता से अभिव्यक्त किया है।
एक गीत \ तुम सावन के गीतों जैसे
तुम सावन के गीतों जैसे
धीमी धीमी फुहारों जैसे
भीगे भीगे मेरे मन में
छा जाते हो तन में कैसे।

तुम्हें छिपाकर सबसे रखती
और एकांत में देखा करती
डूब डूबकर तेरे नयनों में
अपना मुखड़ा देखा करती।
कैसे कहूं चले आओ तुम
गये कहां हो जो आओगे
हर पल मेरे दिल में रहते
कैसे कहां निकल पाओगे।
देख रही हूं तुमको ऐसे
कभी नहीं देखा हो जैसे
छूकर मुझको गुजर गया हो
कोई हवा का झोंका जैसे
हाथ पकड़ कर नहीं रोकती
रोकूंगी तब जब जाओगे
तुमने धूनी यहां जमा ली
क्या तुम मुझसे छूट पाओगे।
मेरे मन के इक कोने में
सजी हुई है आज मल्हारें
भीगा भीगा है तन सारा
जाने कितनी हैं मनुहारें।
पूंछू कैसे कब आओगे
गये कहां थे जो आओगे
मुझमें तुममें दूरी क्या है
चाहो भी तो न जा पाओगे।
भावों का क्या है प्रियवर
सारे समय उमड़ते रहते
पीड़ा से आंखों में रहते
अनगिनत स्वप्न दिखाते रहते
मेरी नींद चुरा आंखों से
सो पाओगे तुम भी कैसे
पूंछ रही हूं बोलो कुछ तो
मुझे भूल पाओगे कैसे।

सुधा गोयल
२९०-ए, कृष्णानगर, डा दत्ता लेन बुलंदशहर
मोबाइल नंबर -9917869962