मिराज सिनेमा के किचन में लगी आग, ‘दृश्यम’ का शो बीच में रुका - rashtrmat.com

मिराज सिनेमा के किचन में लगी आग, ‘दृश्यम’ का शो बीच में रुका

हॉल में भर गया धुआं, दर्शकों में मची अफरा-तफरी
बालाघाट। शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र स्थित कल्पतरु मॉल के मिराज सिनेमा में   उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘दृश्यम’ फिल्म के शो के दौरान सिनेमा के किचन में अचानक आग लग गई। किचन से निकला घना काला धुआं कुछ ही देर में सिनेमा हॉल तक पहुंच गया। धुआं भरने से दर्शकों को घुटन और आंखों में जलन महसूस होने लगी और लोग अपनी सीटों से उठकर बाहर की ओर भागने लगे। हालांकि, सिनेमा स्टाफ ने समय रहते दर्शकों को पीछे के आपातकालीन दरवाजे से बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तेल ने आग पकड़ ली
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1 बजकर 50 मिनट पर ‘दृश्यम’ फिल्म का शो शुरू हुआ था। इंटरवल के दौरान सिनेमा के किचन में इलेक्ट्रिक चूल्हे पर तेल गर्म किया जा रहा था। इसी दौरान तापमान अचानक बढ़ने से तेल ने आग पकड़ ली। आग तेजी से फैली और किचन के ऊपर लगा एसी भी इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते किचन से धुआं निकलकर सिनेमा हॉल में पहुंच गया। जहाँ धुआं भरते ही दर्शकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दमकल वाहन मौके पर पहुंचा
सिनेमा स्टाफ ने तत्काल पीछे के आपातकालीन दरवाजे से लोगों को बाहर निकाला। साथ ही अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया और नगर पालिका दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक स्टाफ आग पर काफी हद तक काबू पा चुका था।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल
 यहाँ घटना के बाद सिनेमा की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। दर्शकों का आरोप सामने आया कि आग लगने के बाद फायर पाइपलाइन तत्काल शुरू नहीं हो सकी। वहीं ऑटोमेटिक फायर फाइटिंग सिस्टम भी काफी देर बाद सक्रिय हुआ। उनका कहना है कि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। आग बुझाने के बाद भी हॉल में धुआं भरा रहा। विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने और धुआं बाहर निकालने में समय लगने के कारण इंटरवल के बाद फिल्म का शो दोबारा शुरू नहीं हो सका। शो में 50 से अधिक दर्शक मौजूद बताए गए हैं। फिल्म पूरी नहीं देख पाने पर दर्शकों ने टिकट की राशि वापस करने की मांग की। सिनेमा प्रबंधन ने ऑनलाइन टिकट का पैसा वापस करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *