राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खड़पड़िया के हीरापुर में 8 अक्टूबर की शाम एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव की 55 वर्षीय खेलनबाई पति मूलचंद तुरकर का शव तालाब के पास खेत की झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला के सिर और पैरों पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं उनके गले में पहना मंगलसूत्र और कानों के सोने के बाले गायब बताए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।

नीलमचंद पटले ने महिला का शव देखा
जानकारी के अनुसार मृतिका खेलनबाई गृहिणी थीं। घरेलू और पारिवारिक कामकाज खत्म करने के बाद मृतिक दोपहर करीब 02 बजे मवेशी चराने खेत की ओर गई थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। परिवार को उस समय तक इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके साथ कोई गंभीर वारदात हो चुकी है। लेकिन इसी बीच शाम करीब 5 बजे भैंस चराने वाले गांव के नीलमचंद पटले ने महिला का शव देखा और गांव मे सूचना दी।
सिर पर गंभीर चोट के निशान
मामले की सूचना तिरोड़ी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जहां महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए, जबकि पैरों पर भी चोटें थीं। घटनास्थल की परिस्थितियों से महिला पर हमला किए जाने की आशंका जताई गई। पुलिस ने शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की।
जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद से स्थल निरीक्षण किया गया। ताकि घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें। इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई है कि मृतिका खेलनबाई तूरकर के गले में मंगलसूत्र और कानों में सोने के बाले थे, जो घटना के बाद गायब बताए जा रहे हैं। महिला का शव सुनसान स्थान पर झाड़ियों में मिला और शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पशु चराने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्तियों ने महिला पर लूट की मंशा से हमला किया होगा और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गये।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिलहाल तिरोड़ी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी लेने और महिला के गायब आभूषणों सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। महिला की हत्या के पीछे लूटपाट ही वजह थी या कोई अन्य रंजिश, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।