राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को बालाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। जिला कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जुलूस के रूप में हनुमान चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष लेकर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी”, “राहुल गांधी आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं” सहित जोरदार नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास
इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के सांसद लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने का समय मांग रहे थे, लेकिन उन्हें मिलने तक का अवसर नहीं दिया गया। श्याम पंजवानी ने कहा कि “राहुल गांधी कोई व्यक्तिगत सवाल लेकर नहीं, बल्कि देश के करोड़ों मतदाताओं के अधिकार और उनके वोट की सुरक्षा का सवाल लेकर चुनाव आयोग के सामने खड़े हैं। संविधान ने विपक्ष को यह अधिकार दिया है कि वह जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सवाल पूछे, लेकिन सवालों का जवाब देने के बजाय राहुल गांधी की आवाज दबाने के लिए दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया और जिस तरह उनकी गिरफ्तारी की गई, वह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है।”

राहुल गांधी लगातार सवाल उठा रहे
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने और फॉर्म-6 में हुए बदलाव को लेकर राहुल गांधी लगातार सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के समक्ष यह स्पष्ट किया गया कि फॉर्म-6 में हुए परिवर्तनों को लेकर न्यायालय ने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को देना चाहिए। श्याम पंजवानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई
श्याम पंजवानी ने कहा कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। “जितना सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करेगी, उतनी ही मजबूती से कांग्रेस लोकतंत्र की लड़ाई लड़ेगी। यह आंदोलन किसी एक दिन का आंदोलन नहीं है। पूरे देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के साथी चरणबद्ध तरीके से लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ते रहेंगे।