CRPF मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन, देशभक्ति से गूंजा परिसर - rashtrmat.com

CRPF मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन, देशभक्ति से गूंजा परिसर

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 214 वाहिनी सीआरपीएफ मुख्यालय परिसर दुगोली, बीजापुर में आज भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन देश के गौरवशाली इतिहास एवं सामूहिक चेतना को समर्पित राष्ट्रव्यापी समारोहों की श्रृंखला का हिस्सा रहा।
अखंडता का संदेश दिया
कार्यक्रम में 214 बटालियन के कमाण्डेन्ट के.डी. जोशी, अन्य अधिकारी एवं जवानों के साथ स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बीजापुर के विद्यार्थियों ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत का गायन कर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
स्वतंत्रता संग्राम की धड़कन है
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कमाण्डेन्ट के.डी. जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि-“वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की धड़कन है। यह गीत हमारे सैनिकों की वीरता और नागरिकों में आत्मनिर्भर भारत के विजन को नई ऊर्जा देता है।”
समर्पण का संदेश भी दिया
उन्होंने कहा कि आज के सामूहिक गायन में मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम में उपस्थित स्कूली बच्चों और जवानों का उत्साह देखने योग्य था। इस आयोजन ने न केवल राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि युवा पीढ़ी में देश के प्रति सम्मान और समर्पण का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *