राष्ट्रमत न्यूज,बिलासपुर(ब्यूरो)। बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में एक बार फिर गंभीर घटना सामने आई है। यहां दुष्कर्म के मामले में लाए गए बाल अपचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक रायगढ़ जिले का रहने वाला था और उसे 15 अगस्त को ही बाल सुधार गृह लाया गया था। सुधार गृह में आने के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बाल सुधार गृह में हड़कंप
घटना के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाल अपचारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिलासपुर के इसी बाल सुधार गृह में चार बंदियों द्वारा एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना सामने आ चुकी है। हालांकि पुलिस ने बाद में चारों को पकड़ लिया था। उस घटना के बाद भी बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
अब एक बार फिर सुधार गृह के भीतर युवक की संदिग्ध मौत ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल सरकंडा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।