राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर/दुर्ग(ब्यूरो)। नंदिनी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार आरोपी महेश दास बैरागी ने कावड़ यात्रा में निकली मीना निषाद और उसके दो बच्चों पर एसिड फेंककर घायल कर दिया। घटना के बाद घायल मीना और बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज जारी है। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी महेश दास के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

कावड़ यात्रा के बीच महिला पर फेंका एसिड
नंदिनी थाना क्षेत्र के रवेलीडीह और अरसनारा के बीच सोमवार को कावड़ यात्रा में शामिल हुई महिला पर अज्ञात आरोपी द्वारा एसिड फेंककर फरार होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से महिला और उसके दोनों घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला का चेहरा और गला एसिड के कारण झुलस गया है, वहीं दोनों बच्चे भी हल्के रूप से झुलस गए हैं।
पेंट फैक्ट्री में हुई थी पहचान
मीना निषाद (35) और महेश दास बैरागी एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मीना करीब 6 महीने पहले ही नौकरी छोड़कर घर पर रह रही थी।

तीनों का इलाज जारी है
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से महिला आरोपी से बातचीत नहीं कर रही थी। सावन सोमवार को महिला दुर्ग से धमधा की ओर शिव मंदिर जल चढ़ाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में 2 बच्चे भी एसिड की चपेट में आ गए।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने महिला और दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का इलाज जारी है।