राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरलांजी तहसील के ग्राम मिरगपुर में मंगलवार.बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने तीन ज्वेलर्स की दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने.चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ग्रामीणों ने शटर टूटा देखा
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह ग्रामीणों ने बाजार में स्थित दुकानों के टूटे ताले और खुले शटर देखकर दुकान संचालकों को सूचना दी। सूचना मिलने पर लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक नितेश चित्रीव सहित अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और सोने.चांदी के आभूषणों के साथ नगदी भी गायब मिली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी लाखों रुपये की बताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन स्टाक का मिलान होने के बाद पता चलेगा।

लक्ष्मी ज्वेलर्स में ज्यादा की चोरी
चोरों ने लक्ष्मी ज्वेलर्स,गौरव ज्वेलर्स और आर्ष ज्वेलर्स को निशाना बनाया। इनमें लक्ष्मी ज्वेलर्स और गौरव ज्वेलर्स से बड़ी मात्रा में सोने.चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी होने की बात सामने आई है। जबकि आर्ष ज्वेलर्स से मरम्मत के लिए रखे पुराने आभूषण चोरी किए गए। इसके अलावा एक अन्य दुकान का ताला भी तोड़ा गया। लेकिन वहां चोर चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
पुलिस साक्ष्य जुटा के जांच शुरू की
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें एक युवक दुकान के अंदर घुसकर आभूषण निकालते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। तिरोड़ी थाना पुलिस ने फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए तथा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तो आंदोलन करेंगे
ग्राम पंचायत मिरगपुर के सरपंच दीपक देशमुख ने कहा कि पिछले एक वर्ष में क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारी और ग्रामीण मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे। तिरोड़ी थाना प्रभारी विजय राजपूत ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।