राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के चरेगांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 14 वर्षीय छात्रा रुचि पंचतिलक की मौत हो गई। रुचि अपने इलाज के बाद नागपुर से लौटकर गांव पहुंची थी और घर जाते समय तेज हवा और तूफान के दौरान एक पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

बस से उतरने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रुचि अपने माता-पिता के साथ नागपुर से इलाज कराकर बस से चरेगांव पहुंची थी। बस से उतरकर वह पैदल घर की ओर जा रही थी, तभी तेज हवा-तूफान के कारण एक बड़ा पलाश का पेड़ उसके ऊपर गिर गया।हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल चरेगांव स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाज के लिए नागपुर गई थी
शनिवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर पंचनामा कार्रवाई की गई है। मामले की आगे की जांच चरेगांव चौकी पुलिस करेगी।मृतका रुचि पंचतिलक, नरेश पंचतिलक की पुत्री थी। वह पढ़ाई में अच्छी छात्रा थी और नौवीं कक्षा अच्छे अंकों से पास कर दसवीं में गई थी। बताया गया कि वह शरीर में कमजोरी की शिकायत के कारण इलाज के लिए नागपुर गई थी।