बस-पिकअप की टक्कर, ड्राइवर समेत तीन घायल - rashtrmat.com

बस-पिकअप की टक्कर, ड्राइवर समेत तीन घायल

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट-बैहर मार्ग पर लौंगुर के पास गुरुवार शाम एक यात्री बस और पिकअप वाहन के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक और दो हम्माल घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गई।बस में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई हैं।

तीन लोग गंभीर घायल

हादसे में पिकअप चालक राखीलाल ब्रम्हें (55) निवासी परसवाड़ा और उनके साथ वाहन में मौजूद दो हमाल आकाश टेकाम (18) निवासी डोरा और सुखलाल मर्सकोले (26) घायल हुए हैं। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बस में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई हैं।

बस को भी काफी नुकसान पहुंचा 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे यह हादसा हुआ। आमने-सामने की भिड़ंत के बाद बस सड़क से उतरकर एक पेड़ से जा टकराई। इस टक्कर में पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

विस्तृत पड़ताल की जा रही है

हादसे की सूचना मिलने पर रूपझर थाना प्रभारी आकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मलबे को हटाकर यातायात सुचारू कराया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।