PNB में 35 करोड़ का घोटालाः बीटेक पास चपरासी दीपांशी ने कर दिया खेल - rashtrmat.com

PNB में 35 करोड़ का घोटालाः बीटेक पास चपरासी दीपांशी ने कर दिया खेल

राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में ग्राहकों के खातों से करोड़ों की हेराफेरी में गिरफ्तार मुख्य आरोपी दीपांशी शर्मा बीटेक पास है। बैंक रिकॉर्ड में उसकी तैनाती चपरासी (प्यून) पद पर थी। इसके बावजूद वह बैंक मैनेजर समेत अन्य कर्मचारियों की यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर खातों से रकम निकालने और दूसरे खातों में स्थानांतरित करने में सफल रही।

दूसरे खातों में भेजती थी

दीपांशी ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की यूजर आईडी व पासवर्ड याद कर लिए थे। वह ऐसे खाताधारकों को निशाना बनाती थी, जिन्हें जमीन अधिग्रहण का मुआवजा मिला था। इनमें कम पढ़े-लिखे खाताधारक शामिल थे। आरोप है कि वह उनके खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजती थी।

परिचितों के बैंक खातों का इस्तेमाल

खाताधारकों को उसने अपना निजी मोबाइल नंबर भी दे रखा था। जब कोई खाताधारक बैंक आने की बात करता तो वह पहले ही बाहर पहुंच जाती थी। कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें बैंक के अंदर जाने से रोक देती थी। हेराफेरी की रकम का लेनदेन छिपाने के लिए उसने गांव के परिचितों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया।
आरोपियों की भूमिका की पड़ताल
आशुतोष पाठक और सरोज देवी ऐच्छर गांव के निवासी हैं। दोनों दीपांशी के पूर्व परिचित और करीबी बताए जा रहे हैं। एक अन्य आरोपी शालिनी मंडी श्याम नगर की रहने वाली है। जांच एजेंसियां अब इन खातों के जरिये हुए लेनदेन और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
 महिला कर्मचारी दीपांशी समेत दो पकड़े
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में ग्राहकों के खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी के मामले में सीबीआई ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बैंक की महिला कार्यालय सहायक दीपांशी और उसका निजी सहयोगी आशुतोष कुमार पाठक शामिल हैं। बैंक रिकॉर्ड और जांच में सामने आए नामों के मुताबिक, मामले में दीपांशी के अलावा प्रदीप कुमार, मेमबंती देवी, प्रियंका कुमारी और शांती देवी के खिलाफ केस दर्ज है। ये सभी साकीपुर गांव के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *