राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।रीवा के उत्कृष्ट छात्रावास में बच्चों को खाने के लिए दी गयी खिचड़ी से बदबू आ रही थी। जिसे छात्रों ने खाने से इंकार कर दिया। इसे लेकर हंगामा हुआ।इसकी शिकायत कलेक्टर से की गयी। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझा और जांच के लिए टीम भेजी गयी। लेकिन हैरानी वाली बात है कि जब जांच दल पहुंचा भोजन का मीनू बदल दिया गया।यह घटना मार्तड स्कूल क्रमांक एक के छात्रावास का है।

आंखों से आंसू भी छलक पड़े
सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन रीवा में सरकारी छात्रावासों की जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। जिला मुख्यालय में कलेक्ट्रेट के ठीक बगल में स्थित मार्तंड स्कूल क्रमांक-1 के उत्कृष्ट छात्रावास में बच्चों को बदबूदार भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया है। भोजन की हालत देखकर भूखे बच्चों की भूख तो खत्म हुई ही, उनकी आंखों से आंसू भी छलक पड़े।

सफाई की व्यवस्था भी बदहाल
मामला 1 नवंबर की रात का बताया जा रहा है। छात्रावास में बच्चों को खाने के लिए ऐसी खिचड़ी परोसी गई, जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। बच्चों ने बताया कि उन्हें आए दिन इसी तरह का भोजन दिया जाता है। खाने में रोजाना एक ही तरह की सब्जी परोसी जाती है। वहीं छात्रावास में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बदहाल है।