राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट में अनंत चतुर्दशी पर गणेशोत्सव के समापन के बाद गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया। इस दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोरवाही में गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहाँ तालाब के गहरे पानी में डूबने से 17 वर्षीय बालक तन्मय गोस्वामी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।दूसरा हादसा बालाघाट शहर से लगे गर्रा मशीनटोला मे हुआ।

गहरे पानी में चला गया और डूब गया
जानकारी के अनुसार ग्राम मोरवाही में गणेश उत्सव समिति एवं ग्रामीणों द्वारा हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए डीजे के साथ झांकी निकाली गई। ग्रामीण और समिति के सदस्य प्रतिमा लेकर गांव के तालाब पहुंचे, जहां विसर्जन के दौरान तन्मय गोस्वामी गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
मामले की जांच की जा रही है
हादसे की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने बालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर किरनापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की होमगार्ड डीआरसी टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों ने तालाब में बालक की तलाश शुरू की। जहाँ काफी प्रयास के बाद तन्मय के शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गया। वही ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच की जा रही है।
मौक़े पर मृतक का शव निकाला
वही दूसरा हादसा बालाघाट शहर से लगे गर्रा मशीनटोला मे हुआ। यहाँ भी गणेश प्रतिमा विसर्ज के दौरान राजेन्द्र पिता सालिकराम चौहान उम्र 33 निवासी मशीनटोला गर्रा की तालाब के गहरे पानी मे डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने मौक़े पर पहुंचकर मृतक का शव निकाला और पुलिस ने सुपुर्द किया। जहाँ पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही के बाद मामले मे जाँच विवेचना शुरु कर दी है।