धान से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर 4 घंटे केबिन में फंसा रहा - rashtrmat.com

धान से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर 4 घंटे केबिन में फंसा रहा

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  भरवेली थाना अंतर्गत गांगुलपारा घाटी में एक धान से भरे ट्रक सड़क हादसा का शिकार हो गया, ट्रक का ब्रेक फेल होने से ट्रक पहाड़ से जा टकरा गया। जिसमें फंसे ड्राइवर को करीब 4 घंटे बाद निकाला गया। इस दौरान दोनों ओर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर भरवेली पुलिस और राहगीरों ने सहयोग किया। यह घटना रात्रि 9 से 9.30 बजे के करीब की बताई जा रही है।

हादसे में चालक करीब चार घंटे तक केबिन में फंसा रहा।

चालक स्टीयरिंग में  फंस गया

ट्रक बिरसा तहसील के जानपुर खरीदी केंद्र से धान भरकर वारासिवनी खापा कैप जा रहा था। गांगुलपारा घाटी से उतरते समय ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पहाड़ से जा टकराया। गनीमत रही कि ट्रक खाई में नहीं गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया।

गैस कटर का भी उपयोग किया गया

राहगीरों ने तत्काल पुलिस, डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। भरवेली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। कांग्रेस नेता भूरू पटेल भी अपने साथियों के साथ सहायता के लिए पहुंचे। चालक की पहचान कुम्हारी निवासी अर्जुन ठकरेले उर्फ भूरा के रूप में हुई। उसे निकालने के लिए जेसीबी, हाइड्रा मशीन और गैस कटर का भी उपयोग किया गया।

चार घंटे की कड़ी मशक्कत 

पुलिस, ग्रामीणों और राहगीरों ने मशीनों की मदद से करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 12:30 से 1 बजे के बीच चालक भूरा को बाहर निकाला। इस दौरान दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया था। चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से बालाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।हादसे में शासन की धान का भी नुकसान हुआ है। चालक को निकालने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल की गई। इस हादसे में ड्राइवर घायल हो गया है, वहीं ट्रक के परखचे उड़ गए। यह धान से लदे ट्रक से दूसरी बड़ी घटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *