असम में राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 हाथियों की मौत - rashtrmat.com

असम में राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 हाथियों की मौत

राष्ट्रमत न्यूज,गोवाहटी/नई दिल्ली(ब्यूरो)। असम के होजाई जिले में सैरांग नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से हाथियों के एक झुंड में आठ हाथी की मौत हो गई और एक घायल हो गया। वहीं इस हादसे के चलते नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। हालांकि यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।

रेल यातायात की बहाली का काम जारी

नगांव के संभागीय वन अधिकारी सुहाश कदम ने पीटीआई को बताया कि यह घटना होजाई जिले के चांगजुराई क्षेत्र में हुई। कदम और वन विभाग के अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित जमुनामुख-कामपुर खंड से गुजरने वाली ट्रेनों को अप लाइन से गुजारा जा रहा है और रेल यातायात की बहाली का काम जारी है। सायरंग-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सायरंग (आइजोल के पास) को आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) से जोड़ती है।

ज्यादा डिब्बे जोड़े जाएंगे

प्रभावी डिब्बों के यात्रियों को अस्थायी तौर पर अन्य डिब्बों में मौजूद खाली बर्थों में भेजा गया है। बयान में कहा गया, “प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद पटरी से उतरी ट्रेन गुवाहाटी के लिए रवाना हो गई है। गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को एडजस्ट करने के लिए ज्यादा डिब्बे जोड़े जाएंगे और ट्रेन अपनी यात्रा फिर से शुरू करेगी।”

रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर पहले ही जारी कर दिए गए हैं। ये हैं 0361-2731621 / 2731622 / 2731623। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस स्थान पर हुई जो हाथियों के लिए निर्धारित गलियारा नहीं है। हाथियों के झुंड को देखकर ट्रेन के पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए। हालांकि, हाथी ट्रेन से टकरा गए। बयान में आगे कहा गया, “उस खंड से गुजरने वाली ट्रेनों को दूसरी लाइन से डायवर्ट किया जा रहा है। मरम्मत का काम जारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *