रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, किशोर की दर्दनाक मौत, एक घायल - rashtrmat.com

रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, किशोर की दर्दनाक मौत, एक घायल

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  रेत के कारोबार से जुडा एक भयावह हादसा बीती रात वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम रेंगाटोला में देखने मिला है। रात का अंधेरा, वैनगंगा नदी से भरी रेत और तेज रफ्तार से लौटती ट्रैक्टर-ट्रॉली, जो रेंगाटोला और एकोड़ी के बीच अचानक सड़क किनारे खेत में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली में दबने से 17 वर्षीय एक किशोर की जान चली गई, जबकि उसका साथी ट्रेक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिये भेजा गया। लेकिन इस घटना के बाद से क्षेत्र में हो रहे रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे
मामला वारासिवनी थाना क्षेत्र का है। जहां ग्राम जागपुर निवासी सनोज पिता प्रेमलाल ऊके उम्र 17 वर्ष 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजे ट्रेक्टर पर मजदूरी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 12:30 बजे वह अपने सहयोगी विशाल कोहरे उम्र 17 वर्ष के साथ वैनगंगा नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर रेंगाटोला और एकोड़ी की ओर जा रहा था। लेकिन इसी दौरान रेत से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। जहां हादसे में सनोज और विशाल दोनों ट्रॉली के नीचे दब गए। घटना के बाद    मौके पर ग्रामीण पहुंचे, जिन्होने कड़ी मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला और सनोज के पिता प्रेमलाल ऊके को सूचना दी। परिजन तत्काल दोनों को जिला अस्पताल बालाघाट लेकर पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने सनोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विशाल कोहरे का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। 20 नवंबर की सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर सनोज के शव का पंचनामा किया। दोपहर करीब 12 बजे परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *