राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। परसवाड़ा क्षेत्र के ग्राम भीड़ी स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर में 8 अक्टूबर को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम झिरिया निवासी कक्षा 12वीं की छात्रा अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी स्कूल परिसर में खड़ी करके कक्षा में गई थी। दोपहर करीब 12 बजे अचानक स्कूटी में आग भड़क उठी। स्कूल परिसर में आग की लपटें देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्कूटी में तकनीकी खराबी की आशंका
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर स्कूटी में तकनीकी खराबी अथवा बैटरी से जुड़ी समस्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक स्कूटी काफी हद तक जल चुकी थी। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।